राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बिहार, अरुणाचल, मेघालय और तमिलनाडु सहित पांच राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है। साथ ही केंद्रशासित प्रदेश अरुणाचल प्रदेश में भी नए उपराज्यपाल को नियुक्त किया है।
सत्यपाल मलिक को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। बिहार के राज्यपाल नियुक्त किए गए सत्यपाल मलिक भाजपा के कद्दावर नेताओं में रहे हैं। राज्यपाल बनाए जाने तक वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे। मूलत: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के निवासी सत्यपाल मलिक अलीगढ़ से सांसद भी रहे हैं।
विदित हो कि बिहार के राज्यपाल रहे रामनाथ कोविंद के राष्ट्रपति प्रत्याशी बनने के बाद पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी को बिहार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। काेविंद के राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद भी केसरी बिहार के राज्यपाल के प्रभार में बने रहे। इसके बाद आज शनिवार को राष्ट्रपति ने सत्यपाल मलिक को राज्यपाल नियुक्त करने का आदेश जारी कर दिया।
प्रोफेसर जगदीश मुखी असम के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। वहीं गंगा प्रसाद को मेघालय का राज्यपाल बनाया गया है। गंगा प्रसाद बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। बिहार विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं।
बीडी मिश्रा को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। एडमिरल (रिटायर्ड) देवेंद्र कुमार जोशी केंद्रशासित प्रदेश अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल होंगे।
तमिलनाडु में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बनवारी लाल पुरोहित को वहां का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। अभी तक तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव संभाल रहे थे।