अब राजधानी एक्स में आइसक्रीम की जगह खा सकेंगे गुलाब जामुन, …जानिए
अब राजधानी एक्सप्रेस में खाना बुक कराने वाले यात्रियों को रेलवे ने आइसक्रीम के विकल्प के तौर पर गरम गुलाब जामुन और पनीर की सब्जी की जगह मिक्स वेजिटेबल लेने की सुविधा देने का फैसला किया है।
दानापुर रेल मंडल प्रबंधक रंजन प्रकाश ठाकुर ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि जाड़े में अधिकतर यात्री रात में भोजन के बाद आइसक्रीम खाना नहीं पसंद करते हैं। उनके लिए विकल्प नहीं होता था और न लेने पर ये आइसक्रीम वेंडरों के हाथ लग जाती थी। इसलिए अब आइसक्रीम के विकल्प के रूप में यात्रियों को गरम-गरम गुलाब जामुन परोसने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा कोई यात्री पनीर की सब्जी नहीं खाना चाहता तो उन्हें मिक्स वेजिटेबल परोसा जाएगा। डीआरएम ने बताया कि इसके लिए आइआरसीटीसी को विशेष रूप से निर्देश दिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों की मानें तो राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों के भोजन के मेन्यू में और परिवर्तन होने जा रहे हैं। रेलवे की कोशिश यह है कि यात्रियों को बेहतर व स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध हो। रेलवे ने यह व्यवस्था लागू भी कर दी है।
बता दें कि राजधानी एक्सप्रेस में टिकट के साथ कैटरिंग शुल्क अनिवार्य था, अब इस अनिवार्यता को रेलवे प्रशासन ने खत्म कर दिया है। अब राजधानी एक्सप्रेस के यात्री स्वेच्छा से पेंट्रीकार का खाना टिकट के साथ लेते हैं।